टोनी हसीह
जप्पोस के सीईओ
जप्पोस के सीईओ
12 दिसंबर 1973 को लाग वेगास में जन्मे टोनी हसीह अमरीकन इंटरनेट एंटरप्रन्योर और वेंचर कैपिटलिस्ट है। वह ऑनलाइन शू और क्लोदिंग शॉप जप्पोस के सीईओ हैं। इससे पहले वह इंटरनेट एडवर्टाइजिंग नेटवर्क लिंक एक्सचेंज की स्थापना कर चुके हैं। इसे वह 1999 में 265 मिलियन डॉलर में माइक्रोसॉफ्ट को बेच चुके हैं। उनके माता-पिता ताइवान से संबंध रखते हैं। बचपन से उन्हें कम्प्यूटर में दिलचस्पी थी। इंटरनेट के शुरूआती दौर में उन्होंने इसमें रुचि दिखाई और बिजनेस आइडिया विकसित किया।
दोस्त के साथ शुरू की अपनी कंपनी
1995 में टोनी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई के दौरान वह पिज्जा बेचते थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अॅरिकल कॉर्पोरेशन के लिए काम किया। वहां पांच महीने काम करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि कंपनी का कामकाजी वातावरण अच्छा नहीं है। उन्होंने कंपनी छोड़कर कॉलेज फ्रेंड संजय मदान के साथ लिंक एक्सचेंज शुरू की।
लोगों को काफी पसंद आया विचार
टोनी ने लिंक एक्सचेंज से बैनर एड डिस्प्ले करना शुरू किया। इस आइडिया को लोगों ने काफी पसंद किया। मात्र 90 दिनों के अंदर लिंक एक्सचेंज के पास 20 हजार से ज्यादा पार्टिसिपेटिंग वेब पेजेज थे और इसके बैनर विज्ञापन 10 मिलियन से ज्यादा डिस्प्ले किए गए। वर्ष 1998 तक साइट के 4 लाख सदस्य और 5 मिलियन विज्ञापन डिस्प्ले होने लगे।
ट्विटर का करें सही इस्तेमाल
टोनी ने इन्क्यूबेटर और इन्वेस्टमेंट फर्म वेंचर फ्रॉग शुरू की। इसके माध्यम से उन्होंने कईं स्टार्टअप्स में निवेश किया। वह एक्टिव ट्विटर यूजर हैं और लोगों को इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना सिखाते हैं। उन्हें 2007 में अर्न्स्ट एंड यंग एंटरप्रेन्योर ऑफ द इयर पुरस्कार मिल चुका है। वह ’डिलीवरिंग हैप्पीनेस’ नामक पुस्तक भी लिख चुके हैं।