संदीप दास
ग्रीमी अवार्ड विजेता

छह साल की उम्र में भी संदीप दास खिलौनों के बजाय तबले की मांग करते थे। एक बार स्कूल के एक टीचर ने उनके पिता से शिकायत की थी कि वह पढ़ाई के दौरान मेज पर उंगली थिरकाते रहते हैं। यही वो निशानियां थीं, जिनसे तय हो गया था कि संदीप दास एक है। उन्हें 59वें ग्रैमी अवार्ड्स से सम्मानित किया गया। उनको सिल्क रोड एन्सेंबल ग्रुप के साथ बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक के लिए ग्रैमी अवार्ड दिया गया। वह नौ साल की उम्र में तबला गुरु पंडित किशन महाराज के पास बनारस पहुंच गए।

संगीत के कारण मिला गोल्ड मेडल

संदीप का जन्म 23 जनवरी, 1971 को पटना में हुआ। उनका परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल से था। संदीप ने अपनी स्कूलिंग सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से की। उन्होंने बनासर हिंदू यूनिवर्सिटी से इंग्लिश लिटरेचर में गोल्ड मेडल के साथ ग्रेजुएशन पूरी की। वह कहते हैं कि अगर आप संगीत से जुड़े हैं तो आपकी मेमोरी अच्छी हो जाती है।

परिवार की वजह से मिली सफलता

संदीप के पिताजी उनको तबला सिखाने के लिए परिवार के साथ बनारस शिफ्ट हो गए। वर्ष 1990 में संदीप प्रोफेशनल तबला वादक बनने के लिए दिल्ली पहुंचे। वह कहते हैं कि मैं जो कुछ भी हूं, परिवार की वजह से हूं। परिवार ने मुझे अपने शौक पर गंभीरता से विचार करने का मौका दिया। हम मध्यवर्गीय परिवार से थे, पर फिर भी शौक पूरा करने का मौका मिला।

हमारा फोकस हुनर पर हो

वर्ष 2000 में चीनी मूल के अमरीकी संगीतकार यो यो मा के साथ हुई मुलाकात ने संदीप की दुनिया बदलकर रख दी। वह यो यो मा के साथ मिलकर परफॉर्मेंस देते हैं। 2003 और 2009 में संदीप का नामांकन ग्रैमी अवार्ड के लिए हुआ था, पर उन्हें अवार्ड नहीं मिला। वह कहते हैं कि भारत में लोग सिर्फ पढ़ाई की तरफ ध्यान देते हैं, जबकि हुनर पर फोकस होना चाहिए।