चार्ल्स बोल्डेन
नासा के एडमिनिस्ट्रेटर
नासा के एडमिनिस्ट्रेटर
दुनिया की अग्रणी अंतरिक्ष कंपनी नासा के विभिन्न अंतरिक्षीय अभियानों का नेतृत्व कर चुके चार्ल्स बोल्डेन अमरीकी स्पेस एजेंसी के एडमिनिस्ट्रेटर हैं। हाल ही में नासा द्वारा एक और मिशन (अंतरिक्ष यान जूनो को बृहस्पति की कक्षा में पहुंचाना) को सफलतापूर्वक अंजाम दिए जाने पर नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेट सुर्खियों में छाया रहा। चार्ल्स अमरीकी मरीन कॉर्प्स से मेजर जनरल के रूप में रिटायर हो चुके हैं। वह नासा से पूर्व अंतरिक्ष यात्री के तौर पर भी जुड़े रहे हैं।
इलेक्ट्रिकल साइंस के स्टूडेंट रहे हैं
चार्ल्स बोल्डेन ने यूनाइटेड स्टेट्स नेवल एकेडमी से 1968 में इलेक्ट्रिकल साइंस में बीएससी किया। ग्रेजुएशन के बाद उन्हें यूनाइटेड स्टेट्स मरीन कॉर्प्स में सेकंड लेफ्टिनेंट बनाया गया। फ्लाइट ट्रेनिंग के बाद वह नेवल एविएटर बने। उन्होंने 1977 में यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से सिस्टम मैनेजमेंट में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री ली।
काम का रहा है लंबा अनुभव
1980 में बाल्डेन को बासा का एस्ट्रोनॉट चुना गया। जिस एजेंसी से वह एक एस्ट्रोनॉट के रूप में जुड़े, उसी संस्था के शीर्ष पद के लिए राष्ट्रपति ओबामा ने 2009 में उन्हें नामित किया। इस नामांकन को सीनेट ने मंजूरी दे दी थी। बोल्डेन के पास 34 साल मरीन कॉर्प्स का और 14 साल तक नासा के एस्ट्रोनॉट ऑफिस के सदस्य होने का अनुभव है।
पहले अफ्रीकी अमरीकी हेड
चार्ल्स बोल्डेन ऐसे पहले अफ्रीकी-अमरीकी हैं, जिन्हें इस दिग्गज अंतरिक्ष एजेंसी की स्थायी अध्यक्षता का अवसर मिला है। बोल्डेन की शादी कोलंबिया की एलेक्सिस वॉकर से हुई है। इस दंपति के दो बच्चे हैं। बेटा एंथनी मरीन कॉर्प्स में कर्नल है और बेटी कैली मिशेल हॉवर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में एक प्लास्टिक सर्जन के रूप् में अपनी सेवाएं दे रही हैं।