बॉबी मर्फी
स्नेपचैट के सह-संस्थापक
स्नेपचैट के सह-संस्थापक
बॉबी मर्फी की गिनती दुनिया के सबसे अमीर अरबपतियों में होती है। उन्हें 2014 में टाइम मैगजीन द्वारा 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक चुना गया था। वह 2015 में फोर्ब्स की लिस्ट में दुनिया के दूसरे सबसे युवा अरबपति बने। जब बॉबी ने काम शुरू किया था तो उनके पीछे कोई बड़ा आर्थिक सपोर्ट नहीं था पर कई बार विफल होने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और सफलता पाई। उन्होंने इवान स्पीगेल के साथ मिलकर मशहूर मैसेजिंग एप स्नेपचैट की स्थापना की। वह इसके चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर हैं।
शुरू से था कम्प्यूटर गेम्स का शौक
बॉबी का जन्म 19 जुलाई 1988 को कैलिफोर्निया में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2010 में स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी से मेथेमेटिकल और कंप्यूटेशनल साइंस में बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी) की डिग्री ली। उन्हें कंप्यूटर गेम्स का बहुत शौक था। वह ग्रेजुएशन में एक प्रोजेक्ट के दौरान इवान के साथ मिलकर स्नेपचैट एप बनाया। यह एप दुनियाभर में काफी मशहूर है।
जुकरबर्ग को नहीं बेची स्नेपचैट
स्नेपचैट इतनी सफल रही कि फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग ने दो बार इसे खरीदने की कोशिश की लेकिन बॉबी और इवान ने इसे बेचने से मना कर दिया। बता दें कि स्नेपचैट के यूजर्स फोटो और विडियों को एडिट कर अपने फ्रेंड्स को भेज सकते हैं। मर्फी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी शुरूआत संघर्ष भरी थी और वह रोज 18 घंटे काम करते थे।
निराशा को नही होने देते हावी
बॉबी मर्फी बहुत ज्यादा सोशल नहीं हैं। उन्होंने अब तक कुछ ही इंटरव्यू दिए हैं। उनका सिर्फ ट्विटर पर ही सोशल मीडिया अकाउंट है लेकिन वहां भी उन्होंने आज तक कभी कोई ट्वीट नहीं किया है। हालांकि, उनके साथ काम करने वाले लोग बताते हैं कि बॉबी काफी स्मार्ट, फ्रेंडली और शांत रहने वाले शख्स हैं। वह कभी निराशा को खुद पर हावी नहीं होने देते।