एंजेलिक कर्बर
यूएस ओपन वीमन सिंगल्स विजेता

हाल ही में यूएस ओपन में वीमन सिंगल्स का खिताब अपने नाम करने वाली जर्मन खिलाड़ी एंजेलिक कर्बर इस समय दुनिया की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी बन चुकी हैं। यह स्थान उन्होंने वर्षों तक चैंपियन रह चुकी सेरेना विलियम्स को हटाकर हासिल किया है। इस स्थान तक पंहुचकर उन्होंने लाखों डॉलर का पुरस्कार तो जीता ही है, साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। वह दुनिया की ऐसी पहली टेनिस खिलाड़ी बनी हैं, जो 28 साल की उम्र में इस रैकिंग तक पहुंचने में सफल रही हैं।

उपलब्धियों से भरा रहा 2016

कर्बर के लिए साल 2016 उपलब्धियों से भरा रहा है। साल की शुरूआत में उन्होंने सेरेना विलियम्स को हराकर ऑस्ट्रेलिया ओपन अपने नाम किया था। रियों ओलंपिक में भी उन्हें सिल्वर मेडल मिला था। अब यूएस ओपन ने उनकी उपलब्धियों में एक और तमगा लगा दिया है। वह इस साल अपने कॅरियर के कुल दो ग्रैंड स्लैम जीत चुकी हैं।

नाना ने बनवाई टेनिस अकादमी

पोलिश पिता और जर्मन मां के घर जन्मी एंजेलिक कर्बर ने तीन साल की उम्र से ही टेनिस खेलना शुरू कर दिया था। उनके नाना ने उनके नाम पर ’एंजी’ टेनिस एकेडमी बनाई थी। वह जर्मनी में और यूरोप में प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थीं लेकिन उन्हें उनका पहला जूनियर खिताब 2003 में मिला। वह जर्मन, पोलिश और इंग्लिश बोल लेती हैं।

नहीं रहा कुछ साबित करना

यूएस ओपन जीतने के बाद रिपोटर्स से बातचीत करते हुए एंजेलिक ने कहा कि अब मेरे लिए कुछ साबित करना बाकी नहीं रह गया है। मैं टॉप पर हूं, मैं नंबर वन हूं। मैंने पूरी जिंदगी इस लम्हे का इंतजार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल के घटनाक्रम ने उन्हें दबाव से बेहतर तरीके से डील करना सिखा दिया है। अभी वह खुद को गिफ्ट देने पर फोकस हैं।