रवि -अपूर्वी ने जीता कांस्य पदक

निशानेबाजी : भारत को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम ने दिलाया पहला पदक  
जकार्ता. भारतीय निशानेबाजों के लिए 18वें एशियाई खेलों का पहला दिन अच्छा रहा । 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम कांस्य पदक जीतकर इंडोनेशिया में जारी इन खेलों में भारत का खाता खोलने में सफल रही। हालांकि मिश्रित टीम पिस्टल स्पर्धा में निराशा हाथ लगी । इस स्पर्धा में युवा निशानेबाज मनु भाकेर और अभिषेक वर्मा की जोड़ी पहले दौर में बाहर हो गई । वहीं, महिला टै्रप स्पर्धा में श्रेयसी सिंह ने पहले क्वालीफीकेशन में शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं पुरुषों की टै्रप स्पर्धा में मानवजीत संधू ने क्वालीफीकेशन में पहला स्थान किया ।  अपूर्वी और रवि की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में 429.9 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुये कांस्य पदक पर कब्जा जमाया ।