आर्किटेक्चर के सिलेबस में जुड़ेगा वास्तुशास्त्र, भारतीय शैली को प्रमुखता

हाल ही में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, खड़गपुर ने अगले शैक्षणिक सत्र से आर्किटेक्चर के सिलेबस में वास्तुशास्त्र को शामिल करने का निर्णय लिया है। संस्थान के प्रोफेसर के अनुसार सिलेबस पर पश्चिमी सभ्यता का प्रभाव ज्यादा है और छात्रों को प्राचीन भारतीय वास्तुशिल्प के बारे में पता होना चाहिए। हालांकि आईआईटी संस्थानों में इंजीनियरिंग से हटकर अन्य कोर्स का चलन भी बढ़ रहा है। देशभर के विभिन्न आईआईटी संस्थान अब अलग-अलग स्ट्रीम के विषयों जैसे कि मेडिकल और ह्यूमैनिटीज पर भी फोकस कर रहे हैं। हालांकि इसके बावजूद संस्थानों का फोकस टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में ही रहेगा, जिसके लिए ये संस्थान जाने जाते हैं।