Career Options in Mountaineering
(पर्वतारोहण में कैरियर विकल्प)
(पर्वतारोहण में कैरियर विकल्प)
माउंटेनियरिंग (पर्वतारोहण) या माउंटेन क्लाइंबिंग को दुनियाभर में एक रोमांचक स्पोर्ट के नजरिए से देखा जाता हैं। हालांकि चाहे विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट हो या फिर दूसरी सबसे ऊंची काराकोरम रेंज (के 2) , बिना किसी प्रोफेशनल ट्रेनिंग के कोई भी माउंटेनियर (पर्वतारोही) इन पर चढ़ाई नहीं कर सकता। ऐसे में यह ट्रेनिंग कहां प्राप्त की जा सकती हैं ? माउंटेनियरिंग से संबंधित बेसिक कोर्सेज कहां करवाए जाते हैं ? या फिर आपको लगता है कि आप किसी जॉब में न उलझकर रोमांच से भरपूर और पर्वतारोहण (माउंटेनियरिंग) के क्षेत्र में ही अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं ? इन सभी बातों को लेकर आपके मन में सवाल उठना एकदम सही हैं, क्योंकि इस क्षेत्र में कॅरिअर के लिए सोचने वाले एस्पिरेंट्स को सबसे पहले इन सभी जानकारियों को इकट्ठा करना जरूरी हैं।
माउंटेनियरिंग से जुड़े कोर्सेज -
इस रोमांचक कॅरिअर के लिए आप अपने लिए इन कोर्सेज में से चुन सकते हैं-
बीएमसी : बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स या बीएमसी में चट्टानों पर और बर्फबारी के दौरान मूवमेंट के बारे में सिखाया जाता हैं।
एएमसी : एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स या एएमसी कोर्स में आपको पर्वतारोहण की एडवांस तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाती हैं। इस कोर्स में अभियानों के लिए योजना बनाने और उन पर अमल करने जैसी तकनीकें सिखाई जाती हैं।
एमओआई : मैथड ऑफ इंस्ट्रक्शन नाम का यह कोर्स आपको माउंटेनियरिंग और अलाइड स्पोर्ट्स के लिए एक इंस्ट्रक्टर बनने के लिए तैयार करता हैं।
एसएआर : सर्च एंड रेस्क्यू या एसएआर कोर्स आपको पर्वतारोहण के दौरान रेस्क्यू की स्थितियों में फर्स्ट एड के साथ ही सर्चिंग के लिए नेविगेशन तकनीकों की जानकारी देता हैं।
प्रमुख माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट्स -
नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग उत्तरकाशी, उत्तराखंड
जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स पहलगाम, जम्मू व कश्मीर
एनआईएमएएस दिरांग, अरूणाचल प्रदेश
हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल
अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स मनाली, हिमाचल प्रदेश
माउंटेनियरिंग में कॅरिअर ऑप्शन्स -
पर्वतारोहण के क्षेत्र में प्रमुख रोल्स के बारे में आप यहां जान सकते हैं।
क्लाइंबिंग गाइड : ये पर्वतारोहियों को पहाड़ों की स्केलिंग के बारे में जानकारी देते हैं। इसके लिए आपको मौसम की स्थिति और पहाड़ों के विभिन्न रास्तों के बारे में पता होना चाहिए ताकि लैंडस्लाइड या तापमान परिवर्तन की स्थितियों में आप चेतावनी जारी कर सकें।
लाइजन ऑफिसर : इस पद के लिए सरकारी स्तर पर भर्ती की जाती है। ये पहाड़ों के निकटवर्ती गांवों के मुखियाओं से संपर्क कर उनसे पर्वतारोहियों के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध करवाते हैं।
पोर्टर : कई बार पर्वतारोहियों को हेल्पिंग-हैंड के रूप में पोर्टर्स की आवश्यकता पड़ती है जो उनका सामान उठाते हैं।
ट्रेक लीडर : बीएमसी जैसे कोर्सेज के बाद आप इस रोल के लिए उपयुक्त साबित हो सकते हैं। इस रोल के लिए माउंटेनियरिंग स्किल्स के साथ आपके अंदर कम्युनिकेशन स्किल्स का होना अनिवार्य है।
ट्रेक ऑर्गेनाइजर : यह प्रोफेशन, आंत्रप्रेन्योरशिप की ओर प्रेरित करता है। इसके लिए आप अपनी ट्रेक कंपनीज को वेबसाइट्स से प्रसारित कर उनसे अपने क्षेत्र के लोगों को जोड़ सकतें हैं।
स्पॉन्सर्ड माउंटेनियर : अपने क्षेत्र में स्थापित होकर आप ब्रांड्स को प्रमोट कर सकते है और अच्छे पैसे कमा सकते हैं।
कई तरह की हैं एक्टिविटीज -
पर्वतारोहण के दौरान माउंटेनियर्स, पहाड़ों के चारों ओर विजिट करते हैं ताकि उनके बारे में अधिक जानकारियां जुटाई जा सकें। पर्वतारोहण में और भी कई तरह की प्रमुख एक्टिविटीज शामिल हैं जैसे -
हाइकिंग : लंबी दूरी के लिए तेज गति से चढ़ाई करने को हाइकिंग कहा जाता हैं। ध्यान रहे कि यह एक्टिविटी, हेल्थ संबंधी फायदों और एक्सरसाइज के उद्देश्य से की जाती है।
क्लाइंबिंग : पहाड़ की ऊंचाई को ध्यान में रखकर ऊपर की ओर चढ़ाई करना, क्लाइंबिंग हैं।
स्नो ट्रेकिंग : किसी बर्फ से ढके पहाड़ पर तापमान और वातावरण संबंधी बाधाओं को पार करते हुए उस पर चढ़ाई करना, स्नो ट्रेकिंग एक्टिविटी में आता है।
कैंपिंग : पहाड़ पर चढ़ाई करने के दौरान कैंप लगाकर कई दिनों तक उस पर रहना और वहां की जलवायु के अनुसार खुद को ढालना या व्यवस्थित करना इस एक्टिविटी में शामिल हैं।