भारत के युवा ’सोशल एंटरप्रन्योर्स’

हाल ही में जारी फोर्ब्स की सूची में शामिल हैं भारत के युवा सोशल एंटरप्रेन्योर्स, जो लेकर आए है समाज में कई खास बदलाव।
बिजनेस में उतरते समय अक्सर युवाओं के मन में ज्यादा से ज्यादा लाभ कमाने की बात होती है लेकिन कुछ बिजनेस ऐसे होते हैं, जहां लाभ कमाने की इच्छा के अलावा समाज के लिए कुछ कर दिखाने का इरादा ज्यादा प्रभावी होता है। बिजनेस का यह फील्ड है, सोशल एंटरप्रेन्योरशिप का। फोर्ब्स की ओर से हाल ही में जारी सूची में भारत के कई युवा सोशल एंटरप्रन्योर्स को को शामिल किया गया है। फोर्ब्स की इस सूची मे सोशल एंटरप्रेन्योर सेगमेंट में शामिल भारतीयों में से किसी ने झुग्गी बस्ती के लोगों के लिए बेहतर और सस्ते मकान बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है तो किसी ने वंचित तबकों के बच्चों को संगीत सिखाने की एक नई शुरुआत की है। आज मिलिए इन लोगों से -
समाज में मौजूद समस्याओं के इनोवेटिव हल तलाश लेने वाले युवा सोशल एंटरप्रेन्योर्स अपने बिजनेस टूल्स का इस्तेमाल कुछ इस तरह करते हैं कि आर्थिक और सामाजिक लाभ दोनों होते हैं।

अनु श्रीधरन

कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी अनु श्रीधरन ने ’नेक्स्ट ड्रॉप’ नामक संगठन की स्थापना की । यह संगठन किसी क्षेत्र के निवासियों को उनके आस-पास मौजूद पानी की विश्वसनीय जानकारी समयबद्ध तरीके से देता है। इस जानकारी से लोगों और संस्थानों को जल प्रबंधन में आसानी रहती है। यह जानकारी इनके यूजर्स को एक एसएमएस के जरिए हो जाती है। नियमित अपडेट का लाभ यह रहता है कि पानी न उपलब्ध होने की जानकारी मिल जाने पर पहले से इस स्थिति के लिए प्रबंधन किया जा सकता है।

यशवीर सिंह

नेशनल सोशल एंटरप्रेन्योरशिप फोरम के संस्थापक यशवीर सिंह लंबे समय से भारत के युवाओं को सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र के लिए तैयार करते रहे हैं। युवाओं को इस क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रेरणा एवं प्रशिक्षण देने के लिए वह अशोका के साउथ एशिया यूथ वेंचर प्रोग्राम की भी अध्यक्षता कर रहे हैं।

स्मृति नागपाल

मूक-बाधिर लोगों के लिए सांकेतिक भाषा के अनुवादक के रूप में काम कर चुकीं स्मृति नागपाल ने ’अतुल्यकला’ नामक संगठन की स्थापना की । यह संगठन बधिर लोगों के द्वारा बनाए उत्पादों को बाजार में लेकर आता है। अतुल्यकला सांकेतिक भाषा को विशेष प्रोत्साहन भी देता है।