फुटवियर डिजाइनिंग में संवारें कॅरियर

फुटवियर डिजाइन एंड डवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने अपने अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री प्रोग्राम्स के शैक्षणिक सत्र 2017 में एडमिशन के लिए इच्छुक आवेदकों से आवेदन मंगवाए हैं। फुटवियर डिजाइन एंड डवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) ने अपने मास्टर्स और बेचलर डिग्री प्रोग्राम्स में एडमिशन के लिए इच्छुक आवेदकों से आवेदन शैक्षणिक सत्र 2017 के लिए आमंत्रित किए गए हैं। संस्थान के इन सभी प्रोग्राम्स में प्रवेश पाने के लिए अभ्यर्थियों को एफडीडीआई ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट पास करना होगा। एग्जामिनेशन सेंटर्स को फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व के आधार पर अलॉट किया जाएगा। सिलेक्शन टेस्ट का आयोजन जून में किया जाएगा। संस्थान की ओर से तीन मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम्स और तीन बैचलर्स डिग्री प्रोग्राम्स कराए जाते हैं।

क्या है योग्यता

एफडीडीआई के अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स में दाखिले के लिए आवेदकों का 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही उनकी उम्र 31 जुलाई 2017 को 25 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम्स के लिए जरूरी है कि आवेदकों ने ग्रेजुएशन कर रखी हो। पीजी प्रोग्राम्स के लिए संस्थान की ओर से कोई आयु सीमा तय नहीं की गइ है। बता दें कि 12वीं की परीक्षाओं में बैठने जा रहे या ग्रेजुएशन के अंतिम साल की परीक्षाएं देने जा रहे आवेदक भी इन यूजी और पीजी प्रोग्राम्स के लिए अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि उन्हें एडमिशन के समय अपनी मार्कशीट जमा करानी होगी। ऐसा नहीं करने पर उनका एडमिशन कैंसल कर दिया जाएगा।

कहां होगा एंट्रेस टेस्ट

एफडीडीआई की ओर से देशभर के 37 शहरों में ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट आयोजित कराया जाएगा। इस सिलेक्शन टेस्ट के लिए आगरा, इलाहाबाद, अंकलेश्वर, बंगलुरू, बरेली, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, चिंदवारा, चित्तौड़गढ़, देहरादून, दिल्ली, रायबरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, जालंधर, जमशेदपुर, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मेरठ, मुंबई, नोएडा, पटना, रांची, रोहतक, कोच्ची, जोधपुर, ग्वालियर, जबलपुर, जम्मू, शिमला और गुना में सेंटर्स बनाए जाएंगे।

कैसे होगा चयन

संस्थान के सभी प्रोग्राम्स में एडमिशन पाने के लिए आवेदकों को ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट पास करना होगा जिसमें कंप्यूटर बेस्ड मल्टीपल च्वॉइस परीक्षा होगी। यह टेस्ट 2 घंट 30 मिनट का होगा जिसमें 150 ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जाएंगे। यह हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाओं में आयोजित किया जाएगा। पीजी प्रोग्राम्स के लिए एग्जाम में क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और रीजनिंग के 45 सवाल, इंग्लिश के 45 सवाल, जनरल अवेयरनेस के 30 सवाल और बिजनेस एप्टीट्यूड के 30 सवाल होंगे। वहीं यूजी प्रोग्राम्स की परीक्षा में मेथेमेटिक्स के 45 सवाल, जनरल सांइस के 30 सवाल, इंग्लिश के 45 सवाल और जनरल अवेयरनेस के 30 सवाल पूछे जाएंगे। आवेदकों को हर सही जवाब के लिए 1 मार्क दिया जाएगा। एग्जाम में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी। इस टेस्ट के रिजल्ट के आधार पर ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद आवेदकों को मेरिट लिस्ट रैंक्स के हिसाब से काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। काउंसलिंग के दौरान सीट अलॉट होने पर आवेदक को वहीं, सीट रिजर्व कराने के लिए 25000 रुपए जमा कराने होंगे। इसके बाद उन्हें 7 वर्किंग दिनों में बची हुई फीस भरनी होगी।