माइनिंग में सालाना पांच लाख से ज्यादा नौकरियों के अवसर
खनिज पदार्थों के उत्पादन में वृद्धि और दुनियाभर में बढ़ते उपयोग से माइनिंग सेक्टर में रोजगार के नए अवसर बनेंगे। इसमें अलग-अलग योग्यता वाले छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार के जॉब रोल में काम करने के अवसर हैं। किसी भी देश में खनिजों को प्रमुख संसाधन के रूप् में देखा जाता है। ये देश के इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर अन्य क्षेत्रों के विकास की आधारशिला होते हैं। प्रत्येक देश या तो खनिज पदार्थों को माइनिंग के जरिए निकालते हैं या दूसरे देशों से आयात करते हैं। स्टील और कोयला दो ऐसे खनिज पदार्थ हैं, जिनकी मांग ज्यादातर देशों में होती है। इन दोनों के उत्पादन में भारत कई देशों से आगे हैं। यही एक बड़ा कारण भी है इसमें रोजगार के अवसर ज्यादा होते हैं। 2014 में मैकेंजी एंड कंपनी द्वारा जारी की गई एक रिपोर्ट के अनुसार देश के माइनिंग सेक्टर में 2025 तक 60 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर होंगे। यानी माइनिंग सेक्टर सालाना करीब 5.5 लाख नौकरियों की संभावनाओं वाला क्षेत्र है।
माइनिंग इंजीनियर
माइनिंग इंजीनियर पर माइन प्रोजेक्ट के टेक्निकल या मैनेजेरियल कामों की जिम्मेदारी होती है। माइन के ढांचे की योजना बनाना और माइनिंग में उत्पादन की प्रक्रिया की मॉनीटरिंग करने जैसे काम माइनिंग इंजीनियर को करने होते हैं।
मेटालर्जिस्ट
धातुओं और मिश्र धातुओं के एक्टै्रशन और प्रोसेसिंग में मेटालर्जिस्ट की भूमिका होती है। माइनिंग इंडस्ट्री में मुख्यतः केमिकल मेटालर्जिस्ट या एक्सट्रैक्शन मेटालर्जिस्ट की जरूरत होती है, जो कच्ची धातुओं से उपयोगी धातु निकालने की प्रक्रिया में भूमिका निभाते हैं। और धातु को ज्यादा मजबूत बनाने के तरीकों पर काम करते हैं।
मटीरियल इंजीनियर या साइंटिस्ट
ये प्रोफेशनल रॉ मटीरियल से लेकर निर्मित उत्पादों और विभिन्न पदार्थों के गुण व व्यवहार का पता लगाते हैं। ये कम खर्च में उत्पाद बनाने, ड्यूरेबिलिटी और परफॉर्मेंस के लिए जिम्मेदार होते हैं और विभिन्न इंडस्ट्री में जॉब करते हैं।
मिनरल्स सर्वेयर
मिनरल सर्वेयर संभावित खदान क्षेत्र में खतरों की आशंकाओं और कमर्शियल क्षमताओं का पता लगता है। ये प्रोफेशनल माइनिंग क्षेत्र में मिनरल्स की संभावनाओं और इससे पर्यायवरण को होने वाले नुकसान का पता लगाते हैं। इसके साथ ही इसकी आर्थिक क्षमता का अध्ययन भी करते हैं।