मार्लोन जेम्स
जमैका के लेखक

24 नवंबर 1970 को जमैका के किंग्सटन में जन्मे मार्लोन जेम्स उपन्यासकार हैं। हाल ही में उन्हें वर्ष 2015 का मैन बुकर पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार उन्हें उपन्यास ’ए ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ सेवन किलिंग्स’ के लिए मिला। जमैका के इतिहास में पहली बार किसी लेखक ने यह पुरस्कार जीता है। उनका उपन्यास 1970 के दशक में सिंगर बॉब मार्ले पर हुए जानलेवा हमले के प्रयास की वास्तविक घटना से प्रेरित है। उपन्यास रोमांचक व हैरतंगेज घटनाओं से भरा हुआ है।

बचपन से ही थी साहित्य में रूचि

मार्लोन के माता-पिता दोनों ही पुलिस विभाग में थे। बचपन में मार्लोन की मां ने उन्हें ओ हैनरी की कहानियां का संग्रह दिया था। यहीं से उन्हें साहित्य में रूचि पैदा हुई। मार्लोन ने वर्ष 1991 में यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टइंडीज से ग्रेजुएशन किया। जंहा उन्होंने विशेष रूप से भाषा और साहित्य का अध्ययन किया। वर्ष 2006 में उन्होंने विल्केस यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग में मास्टर्स किया।

पहला उपन्यास 70 बार रिजेक्ट

मार्लोन के अब तक कुल तीन उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। वह वर्ष 2007 से अंग्रेजी और क्रिएटिव राइटिंग के टीचर हैं। मार्लोन का पहला उपन्यास 70 प्रकाशकों ने रिजेक्ट कर दिया था। इससे वह काफी निराश हुए और उन्होंने अपने कम्प्यूटर से पहला नॉवेल डिलीट कर दिया। बाद में मित्र के समझाने पर उन्होंने इसे खोजा और प्रकाशित करवाया।

सफलता के लिए बनें एक्सपर्ट

मार्लोन जीवन में गहरी निराशा के दौर से गुजर चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि एक समय वह पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आत्महत्या करना चाहते थे। बाद में उन्होंने लेखन के प्रति गंभीरता दिखाना शुरू किया। वह कहते हैं कि व्यक्ति को किसी भी काम में सफल होने के लिए उस काम में महारत हासिल करनी चाहिए। एक्सपर्ट बनने के बाद आप क्रिएटिव बन सकते हैं।