अपने वर्कलोड को इन तरीकों से करें कम

सब जानते हैं कि एक सफल एंटरप्रन्योर बनने के लिए कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता की जरूरत होती है। संसाधनों को मैनेज करने से लेकर नए प्रोजेक्ट्स के लिए योजना बनाने और नई चीजें सीखने तक, पूरे दिन में एक एंटरप्रेन्योर के पास बहुत से काम होते हैं। उसके पास बड़ी गलतियां करने का समय ही नहीं होता। इसलिए एंटरप्रेन्योर को मेहनत के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से अपना काम करने की जरूरत होती है, तभी वह अपने बिजनेस में तरक्की कर पाता है। आइए, जानते हैं ऐसे कुछ बेहतरीन तरीके जिनकी मदद से आप अपने वर्कलोड को कम कर सकते हैं -

समयसीमा तय करें

वर्कलोड को कम करने के लिए जरूरी है कि आप अपने कामों को जल्दी पूरा करें। इसके लिए आप हर काम के लिए एक समयसीमा तय कर सकते हैं। उस काम को तय की गई समयसीमा में पूरा करें। जब आप कामों को डेडलाइन पर पूरा करेंगे, तो आपके सभी काम समय पर होंगे और आपका वर्कलोड कम होगा। बिजनेस के दौरान कई बार ऐसी स्थिति आती है, जब आपका वर्कलोड काफी बढ़ जाता है। इसकी वजह से आप खुद को दबा हुआ और थका हुआ महसूस कर सकते हैं लेकिन सही तरीकों को अपनाकर आप इस वर्कलोड को कम कर सकते हैं।

अप-टू-डेट रहें

जरूरी है कि आप हर दिन जो कर रहे हैं उसक एक रिकॉर्ड बनाकर रखें। इससे आपको यह जानने में मदद मिलेगी कि आपको किसी काम को करने में कितना समय लग रहा है। इससे आप पर काम का ज्यादा प्रेशर नहीं आएगा, क्योंकि आपको पता होगा कि आपको कौनसा काम करने में कितनी देर लगेगीं

परफेक्ट न बनें

यह सही है कि आपको सभी काम बेहतरीन तरीके से पूरे करने चाहिए लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी काम को परफेक्ट बनाने के लिए उस पर घंटों तक बार-बार लगे रहना चाहिए। आपको समझना चाहिए कि ऐसा करने से समय बर्बाद होता है और दूसरे कामों में भी देरी होती है। याद रखें कि क्लांइट्स को अच्छा काम चाहिए, परफेक्शन सिर्फ आपकी संतुष्टि के लिए है।

काम को शेयर करें

किसी भी प्रोजेक्ट को अपने हाथ में लेने का यह मतलब नहीं होता कि आप अकेले ही उसे पूरा करने में जुट जाएं। अगर आप ऐसा करते हैं तो यह सही नहीं है। ऐसा करने से आप खुद पर काम का बोझ डाल लेते हैं और उसके बावजूद उस काम को सही ढंग से समय पर पूरा नहीं कर पाते। इससे अच्छा है कि जब आपको कोई बड़ा प्रोजेक्ट मिले तो अपनी टीम के साथ उस पर काम करें।

छोटे-छोटे ब्रेक लें

हो सकता है कि आपको यह बात बेतुकी लगे कि जब आपके पास इतना ज्यादा काम है तो आप ब्रेक कैसे ले सकते हैं, लेकिन जब आपके पास बहुत ज्यादा काम हो, तब बीच में ब्रेक लेने से आपके दिमाग को थोड़ा आराम मिलता है और आपकी टेंशन भी कम होती है। ब्रेक लेने से आप नए जोश के साथ काम को और बेहतर तरीके से कर पाते हैं।